Sep 20, 2026

हर शब्द में विश्वास, हर सुर में अपनापन': महिला ने गीत गाकर जताया पीएम मोदी का आभार, भावुक हुए सीएम धामी

post-img

देहरादून। "हमें तो मोदी ने बहुत कुछ दिया है, बहुत शुक्रिया है..."जब मुख्य सेवक सदन में आयोजित 'मातृशक्ति संवाद एवं सम्मान समारोह' में एक महिला के कंठ से ये मधुर सुर गुंजे, तो पूरा माहौल आत्मीयता और उत्साह से भर गया। देहरादून में शनिवार को आयोजित इस कार्यक्रम में उत्तराखंड की महिलाओं ने गीत के जरिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति अपना अटूट विश्वास और गहरा आभार व्यक्त किया।

मुख्य सेवक सदन में शनिवार को आयोजित मातृशक्ति संवाद एवं सम्मान समारोह उस समय भावनात्मक रंग में रंग गया, जब एक महिला ने गीत के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। महिला ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सामने ‘हमें तो मोदी ने बहुत कुछ दिया है, बहुत शुक्रिया है’ गीत प्रस्तुत कर महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं और उनके अनुभवों को सुरों में पिरोया। गीत में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए महिलाओं ने प्रधानमंत्री के प्रति अपने विश्वास और जुड़ाव की भावना व्यक्त की। गीत सुनने के बाद मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इसमें महिलाओं के मन की भावनाएं स्पष्ट दिखाई दीं। उन्होंने कहा कि गीत के हर शब्द में विश्वास और हर सुर में अपनापन नजर आया। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल योजनाओं तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भागीदार बनाना सरकार की प्राथमिकता है। महिला ने अपने गीत के जरिए महिलाओं को बिना ब्याज ऋण, लखपति दीदी योजना, महिला स्वयं सहायता समूहों के गठन समेत महिला सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं ने महिलाओं को आगे बढ़ने और अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए नए अवसर उपलब्ध कराए हैं। कार्यक्रम के दौरान महिला ने अपनी बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पहुंचाने की इच्छा जताई। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री के सामने गीत प्रस्तुत किया। गीत के माध्यम से उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रति अपना स्नेह और आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं ने भी इस प्रस्तुति को उत्साह के साथ सुना।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि महिलाओं को केवल कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने वाली लाभार्थी के रूप में नहीं देखा जा रहा है, बल्कि उन्हें विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड के निर्माण में सशक्त भागीदार बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की क्षमता और प्रतिभा को अवसर मिलने से परिवार के साथ-साथ समाज और अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है। धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण को लगातार प्राथमिकता दी है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर योजनाएं संचालित की जा रही हैं। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं आर्थिक गतिविधियों से जुड़ रही हैं और स्वरोजगार के नए अवसर तलाश रही हैं। मातृशक्ति संवाद एवं सम्मान समारोह का उद्देश्य महिलाओं से सीधे संवाद कर उनकी उपलब्धियों, अनुभवों और सुझावों को सामने लाना भी रहा। कार्यक्रम में महिलाओं ने महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं और उनके प्रभावों पर अपने विचार साझा किए। गीत के जरिए रखी गई महिला की बात ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा। योजनाओं के उल्लेख के साथ भावनात्मक अंदाज में प्रस्तुत गीत ने महिलाओं और सरकार के बीच संवाद की एक अलग तस्वीर पेश की। मुख्यमंत्री ने महिला की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अनुभव सरकार के प्रयासों और समाज में हो रहे बदलावों को समझने का माध्यम भी बनते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला शक्ति को अवसर और संसाधन उपलब्ध कराने से वे न केवल अपने परिवार को मजबूत करती हैं, बल्कि समाज और प्रदेश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। उन्होंने महिलाओं से उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने और प्रदेश की प्रगति में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।